बड़वानी:-चेकिंग के नाम पर खाना पूर्ति, मजदूरों भरी बसों पर मेहरबानी
मजदूरों भरी ओव्हरलोड बसों पर कार्रवाई को लेकर लचर आरटीओ की कार्रवाई
बड़वानी:-सड़कों पर दौड़ती अनफिट, अपूर्ण या बिना दस्तावेज की बसें यात्रियों के लिए मौत का सफर बन रही हैं। जिम्मेदार विभाग की अनदेखी के चलते आए दिन वाहनों में खराबी आने से यात्रियों की जान जोखिम में पड़ रही हैं। इस माह में ही जिले में दो स्थानों पर बसों के असंतुलित होकर सड़क से उतरने के मामले सामने आ चुके हैं। वहीं जिला मुख्यालय व क्षेत्र से संचालित मजदूरी भरी ओव्हरलोड बसों की चेकिंग को लेकर विभाग पूरी तरह अनजान नजर आ रहा हैं। दरअसल आवागमन के लिए सड़क मार्ग पर निर्भर इस जिले में
ओव्हरलोडिंग से लेकर नियमों के उल्लंघन को लेकर आए दिन मामले सामने आते हैं। हालांकि समय समय पर विभाग औपचारिक रुप से वाहनों की जांच कर खानापूर्ति कर कर्तव्य से इतिश्री करते नजर आते हैं, लेकिन शहर सहित क्षेत्र से प्रतिदिन बसों के माध्यम से सैकड़ों मजदूरों को गुजरात व अन्य राज्यों में ढूंस ढूंस कर आवागमन पर विभाग की नजर कमजोर हैं। जानकारी के अनुसार टीपी परमिट पर रोक के बाद अब टूरिस्ट परमिट के नाम पर मजदूरों को अन्य राज्यों में पलायन का खेल जारी हैं। इस दौरान कई बसें कंडम व खटारा संचालित हो रही हैं। मजदूरों से ओव्हरलोड भरी बसों के पलटने, टकराने के पूर्व में कई मामले सामने आ चुके हैं, बावजूद ऐसी बसों पर कार्रवाई को लेकर संबंधित विभाग पूरी तरह नतमस्तक नजर आ रहा हैं।
जांच में खुली पोल, 12 वाहन के चालान बनाए-सड़कों पर मौत बनकर दौड़ रही अनफिट व कंडम यात्री बस सहित ओव्हरलोड वाहन जनजीवन के लिए जान का जोखिम बने हुए है। शहर के बाईपास से लेकर सिलावद, पलसूद आदि जगह से मजदूरों भरे वाहन बेखौफ संचालित हो रहे हैं। इनकी चेकिंग को लेकर विभाग गंभीर नजर नहीं-आता।इस दौरान परिवहन विभाग ने यातायात अमले के साथ खंडवा-बड़ोदरा राजमार्ग ग्राम तलून खुर्द स्थित टोल प्लाजा के पास चेकिंग की खानापूर्ति की। जांच में सड़कों पर नियम उल्लंघन, अपूर्ण व बिना दस्तावेज के संचालित वाहन पाए गए। ऐसे 12 वाहन के विरुद्ध चालान बनाकर 11 हजार रुपए समन शुल्क वसूला गया। इन वाहनों में मुख्य रुप से ओव्हरलोडिंग व दस्तावेज अपूर्ण पाए गए। इससे अंदाजा लगाया जा सकता हैं कि परिवहन विभाग की अनदेखी से सड़कों पर प्रतिदिन ऐसे वाहन बेखौफ दौड़ रहे हैं।

Continue With Google
Comments (0)