खकनार
किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, जिला बुरहानपुर के विकासखंड खकनार में कृषकों के खेत पर ही बैठकर ई-विकास एवं उर्वरक वितरण प्रणाली के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जा रही है। साथ ही आगामी सीजन के लिए फसलों एवं उपयुक्त किस्मों के चयन पर भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
किसान भाइयों से अनुरोध है कि उर्वरक प्राप्ति हेतु टोकन जनरेट कराने के लिए अपना आधार कार्ड एवं मोबाइल अवश्य साथ लाएँ। किसी भी CSC सेंटर, MP Online अथवा स्वयं कृषक भी टोकन बनाकर फसल अनुसार उर्वरक प्राप्त कर सकते हैं।
आगामी सीजन में कपास फसल की बुवाई से पूर्व अपने खेत में जिप्सम खाद का अवश्य प्रयोग करें। जिप्सम के उपयोग से मिट्टी की उर्वरता एवं उत्पादन क्षमता में वृद्धि होती है। यह मिट्टी के उच्च pH मान को सुधारने में सहायक है, जिससे पोषक तत्वों की उपलब्धता बढ़ती है, उर्वरकों की उपयोगिता क्षमता में वृद्धि होती है तथा फसल उत्पादन में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होती है। बुरहानपुर जिले की मिट्टियों में pH अपेक्षाकृत अधिक पाया गया है, जिसे जिप्सम के प्रयोग से संतुलित किया जा सकता है — ऐसा उपसंचालक कृषि द्वारा बताया गया।
इस अवसर पर जिले से उपसंचालक कृषि श्री एम. एस. देवके, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री प्रताप सिंह जमरे, श्री जे. एस. चौहान, श्री अनिल मेड़ा, श्री अभिषेक पटेल एवं बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।