देवास जिला अस्पताल की नई क्रिटिकल केयर यूनिट का निरीक्षण, नवंबर तक शुरू होने की उम्मीद
देवास। जिला अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन नई क्रिटिकल केयर यूनिट का शुक्रवार को प्रदेश के अपर मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) अशोक वर्णवाल एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की प्रबंध संचालक सलोनी सिडाना ने निरीक्षण किया। करोड़ों रुपये की लागत से तैयार हो रही इस अत्याधुनिक यूनिट का उद्देश्य गंभीर मरीजों को बेहतर एवं त्वरित उपचार उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आईसीयू, ब्लड बैंक डोनर रूम, ऑपरेशन थिएटर सहित विभिन्न कक्षों का जायजा लिया तथा आवश्यक सुधार कार्यों के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यूनिट में सभी व्यवस्थाएं मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखकर विकसित की जाएं।
अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि क्रिटिकल केयर यूनिट को 7 से 15 दिनों के भीतर अस्पताल के मुख्य भवन से जोड़ा जाए, ताकि गंभीर मरीजों को एक भवन से दूसरे भवन तक ले जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही सीढ़ियों एवं आवागमन मार्गों को भी मरीजों के अनुकूल बनाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान ऑपरेशन थिएटर की गुणवत्ता, चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने कहा कि सभी उपकरणों और संसाधनों का उपयोग निर्धारित उद्देश्य के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए।
अधिकारियों ने बताया कि यूनिट को जल्द शुरू करने की योजना है। मशीनों के संचालन के लिए आवश्यक स्टाफ की मंजूरी आगामी तीन माह में मिलने की संभावना है। उम्मीद जताई गई कि सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद नवंबर तक नई क्रिटिकल केयर यूनिट का संचालन शुरू हो जाएगा, जिससे जिले के गंभीर मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
Continue With Google
Comments (0)