अगस्त में शुरू होगी मध्य प्रदेश के अमरनाथ नागद्वारी की यात्रा
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने पैदल ट्रैकिंग कर परखी तैयारियां, श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष जोर
नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के अमरनाथ के नाम से प्रसिद्ध नागद्वारी गुफा की वार्षिक यात्रा अगस्त 2026 में प्रारंभ होगी। नाग पंचमी पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाले इस प्रसिद्ध मेले की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने अधिकारियों के साथ नागद्वारी मंदिर तक पैदल ट्रैकिंग कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य, सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं को समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जलगली, नागफनी, कालाझाड़, चिंतामन, चित्रशाला, स्वर्गद्वार, पश्चिमद्वार, नागद्वारी मंदिर और काजरी सहित प्रमुख स्थलों का निरीक्षण कर ट्रैकिंग मार्ग, पेयजल, विद्युत, संचार और आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस मेले में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान विश्राम स्थलों, संकेतक बोर्डों और पर्यटक सुविधाओं का भी आकलन किया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ट्रैकिंग मार्गों का समय पर सुधार किया जाए तथा मेला क्षेत्र में सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाया जाए।
नागद्वारी मेला प्रदेश के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल है, जहां मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ क्षेत्रीय पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति प्रदान करता है।