*जश्न-ए-ईद मिलादुन नबी को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी, तनवीर मंसूरी(पप्पू ) को मिली अध्यक्ष की जिम्मेदारी*

*अलीराजपुर में होगा जश्न-ए-ईद मिलादुन नबी का ऐतिहासिक जलसा*



*रिपोर्टर मुस्तकीम मुगल*


*जलूस-ए-मोहम्मदी, तकरीर और मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह की तैयारियां तेज*

अलीराजपुर। जश्न-ए-ईद मिलादुन नबी के मुख्य समारोह को ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मंगलवार को बाहरपुरा स्थित मंसूरी चौक समाज भवन में आयोजन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें 26 अगस्त को होने वाले मुख्य जलसे की रूपरेखा, जलूस-ए-मोहम्मदी, धार्मिक कार्यक्रमों और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष का आयोजन भव्य और सुव्यवस्थित तरीके से किया जाएगा। जलूस के समय, मार्ग व्यवस्था, तकरीर, नातिया कार्यक्रम और अन्य धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया जाएगा। कक्षा 10वीं और 12वीं में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों को समारोह में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

*सर्वसम्मति से नई आयोजन समिति का गठन*

जलसे के सफल आयोजन के लिए सर्वसम्मति से नई समिति का गठन किया गया। इसमें तन्वीर मंसूरी (पप्पू इंफोटेक) को अध्यक्ष, कासिम शेख को उपाध्यक्ष, हाजी रुहेल कुरैशी को सचिव और इमरान निजामी को संरक्षक नियुक्त किया गया। वहीं इरशाद मंसूरी को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में उपस्थित समाजजनों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करने का संकल्प लिया।

*जोहर की नमाज के बाद निकलेगा जलूस-ए-मोहम्मदी*

समिति के अनुसार 12 रबीउल अव्वल पर जोहर की नमाज के बाद जलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। यह जुलूस मंसूरी चौक से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए बाहरपुरा मस्जिद पहुंचेगा, जहां सलात-व-सलाम पेश करने के बाद जलूस का समापन होगा। समिति ने समाज के सभी लोगों से आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इसे यादगार बनाने की अपील की है।