बयडा में शराब के लिए रुपये नहीं देने पर तांडव, वाहन तोड़ने वाले तीन आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार
बोरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, न्यायालय से जेल भेजे गए आरोपी
रिपोर्टर मुस्तकीम मुगल

आलीराजपुर, 05 अगस्त 2026। थाना बोरी पुलिस ने ग्राम बयडा में मारपीट, पत्थरबाजी और वाहनों में तोड़फोड़ कर दहशत फैलाने वाले तीन आरोपियों को घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस अधीक्षक रघुवंशसिंह ने बताया कि आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है और ऐसी घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।पुलिस के अनुसार फरियादी जोगडा पिता नगरसिंह डावर (35 वर्ष), निवासी ग्राम बयडा भीलाला फलिया ने थाना बोरी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 03 अगस्त 2026 की रात करीब 9 बजे आरोपी भीयान, आकम, इतिश, अंकुल और अश्विन उसके घर पहुंचे और शराब पीने के लिए जबरन रुपये मांगने लगे। रुपये देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए फरियादी और उसके परिजनों पर पत्थरबाजी कर दी, जिससे उन्हें चोटें आईं।रिपोर्ट में बताया गया कि बीच-बचाव करने आए परिवार के अन्य सदस्यों पर भी आरोपियों ने पथराव किया। इसके बाद उन्होंने घर के आंगन में खड़े चारपहिया और दोपहिया वाहनों पर पत्थरों और लकड़ियों से हमला कर भारी तोड़फोड़ की। घर के दरवाजे और मकान को भी नुकसान पहुंचाया गया तथा भविष्य में रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देकर आरोपी मौके से फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही थाना बोरी पुलिस ने अपराध क्रमांक 117/2026 दर्ज कर धारा 324(4), 119(1), 351(3), 296 एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला कायम किया। थाना प्रभारी निरीक्षक नेपालसिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर भीयान पिता खुमान, आकम पिता मंगलिया और इतिश पिता आकम, निवासी ग्राम बयडा, को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।पुलिस ने बताया कि मामले के शेष दो आरोपी अंकुल और अश्विन की गिरफ्तारी के लिए लगातार तलाश जारी है।यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) जोबट श्री आशुतोष के मार्गदर्शन में थाना बोरी पुलिस टीम द्वारा की गई।पुलिस अधीक्षक रघुवंशसिंह ने कहा कि मारपीट, तोड़फोड़, धमकी और कानून हाथ में लेने जैसी घटनाओं को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ विधि अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।