मुरैना: साइबर अपराधों की रोकथाम को लेकर पुलिस ने दिया विशेष प्रशिक्षण, एएसपी ने जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार पर दिया जोर

मुरैना, । पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार साइबर अपराधों की रोकथाम एवं पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के सभी थानों के चयनित आरक्षकों एवं प्रधान आरक्षकों के लिए साइबर हेल्प डेस्क संचालन तथा विभिन्न साइबर पोर्टलों के प्रभावी उपयोग संबंधी विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्रपाल सिंह डावर उपस्थित रहे। साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक अभिषेक जादौन एवं उनकी टीम ने प्रशिक्षण प्रदान करते हुए 50 से अधिक पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को NCRP, समन्वय, MRM/GRM तथा CEIR पोर्टलों के संचालन, साइबर शिकायतों के त्वरित निराकरण और तकनीकी प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी दी।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्रपाल सिंह डावर ने कहा कि पुलिस की प्रभावशीलता केवल सख्ती से नहीं, बल्कि आम जनता के प्रति संवेदनशील और सौम्य व्यवहार से भी बढ़ती है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास जीतना पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है। कई बार ऐसी महत्वपूर्ण सूचनाएं आम नागरिकों से प्राप्त होती हैं, जहां तक पुलिस का खुफिया तंत्र भी नहीं पहुंच पाता। इसलिए पुलिसकर्मियों को कानून के पालन के साथ-साथ नागरिकों के प्रति सहयोगात्मक और सकारात्मक व्यवहार अपनाना चाहिए।

प्रशिक्षण का उद्देश्य साइबर अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना, तकनीकी दक्षता बढ़ाना तथा साइबर हेल्प डेस्क को अधिक प्रभावी बनाकर आम नागरिकों को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराना रहा।