*NSUI की याचिका पर उच्च न्यायालय के निर्णय का NSUI ने किया स्वागत, प्रत्यक्ष प्रणाली से छात्रसंघ चुनाव नहीं हुए तो होगा आंदोलन*

उमरिया- भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) जिला उमरिया द्वारा आज दोपहर 2:00 बजे स्वाद रेस्टोरेंट, उमरिया में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में NSUI के प्रदेश सचिव अदनान अंसारी की याचिका पर माननीय मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर द्वारा अकादमिक कैलेंडर 2026-27 के अनुसार सितंबर माह में छात्रसंघ चुनाव आयोजित कराने के दिए गए निर्देशों का स्वागत किया गया तथा प्रदेश सरकार से प्रत्यक्ष (डायरेक्ट/प्रेसिडेंशियल) प्रणाली से छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग की गई। इस अवसर पर जिला कांग्रेस महासचिव पुष्पराज सिंह एवं NSUI जिला अध्यक्ष मो. असलम शेर ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव केवल कराने भर से उद्देश्य पूरा नहीं होगा, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपने प्रतिनिधि सीधे चुनने का अधिकार मिलना चाहिए। इसलिए प्रदेश के सभी महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में प्रत्यक्ष (डायरेक्ट/प्रेसिडेंशियल) प्रणाली से छात्रसंघ चुनाव कराए जाएं। जिला कांग्रेस महासचिव पुष्पराज सिंह ने कहा कि माननीय मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर के निर्णय के बाद छात्रसंघ चुनाव कराना स्वागत योग्य कदम है। हमारी मांग है कि चुनाव पूरी तरह प्रत्यक्ष प्रणाली से कराए जाएं, ताकि प्रत्येक विद्यार्थी अपने मताधिकार का उपयोग कर सीधे अपने प्रतिनिधियों का चुनाव कर सके। छात्रसंघ लोकतंत्र की पहली पाठशाला है और हर छात्र को समान मतदान का अधिकार मिलना चाहिए। राज्य सरकार बिना किसी देरी के अधिसूचना जारी कर सितंबर माह में प्रत्यक्ष प्रणाली से छात्रसंघ चुनाव सुनिश्चित करे। NSUI जिला अध्यक्ष मो. असलम शेर ने कहा कि NSUI लंबे समय से प्रत्यक्ष छात्रसंघ चुनाव की मांग कर रही है। अप्रत्यक्ष प्रणाली में अधिकांश विद्यार्थी अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित रह जाते हैं। इसलिए प्रदेश के सभी महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में प्रत्यक्ष प्रणाली लागू कर चुनाव कराए जाने चाहिए। यदि राज्य सरकार प्रत्यक्ष प्रणाली से छात्रसंघ चुनाव नहीं कराती है, तो NSUI प्रदेशव्यापी लोकतांत्रिक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी। NSUI जिलेभर में छात्र संवाद, ज्ञापन, जनजागरण अभियान एवं लोकतांत्रिक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों की आवाज़ बुलंद करेगी।प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी के मनोज सिंह, NSUI जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कांत तिवारी, कॉलेज अध्यक्ष आकाश द्विवेदी, NSUI सचिव रचना यादव, हेमलता, दीपाक्षी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।