बड़ी कार्रवाई: बुधनी पुलिस ने 1187 लीटर अवैध शराब के साथ बोलेरो पिकअप की जब्त, चालक फरार
बुधनी, 4 अगस्त। सीहोर जिले की बुधनी थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1,187.28 लीटर अवैध शराब से भरी बोलेरो पिकअप जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 6.46 लाख रुपये बताई गई है, जबकि वाहन व अन्य सामग्री सहित कुल जब्त मशरूका की कीमत करीब 11 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे तथा एसडीओपी रवि शर्मा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 3 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भोपाल की ओर से आ रही बोलेरो पिकअप (क्रमांक MP05 G7385) में स्नैक्स सामग्री और सब्जी के कैरेट के नीचे अवैध शराब छिपाकर नर्मदापुरम ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गड़रिया नाला क्षेत्र में घेराबंदी की। पुलिस को देखकर चालक वाहन को तेज गति से रेलवे स्टेशन की ओर ले गया और स्टेशन के सामने वाहन छोड़कर झाड़ियों का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
पंचों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर स्नैक्स की 18 बोरियों और 15 सब्जी कैरेटों के नीचे छिपाकर रखी गई 1,187.28 लीटर अंग्रेजी व देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब के नमूने लेकर उन्हें सीलबंद किया तथा पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई।
फरार चालक के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस शराब के स्रोत तथा तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जब्त सामग्री
अवैध शराब – 1,187.28 लीटर
अनुमानित कीमत – ₹6,46,248
बोलेरो पिकअप – MP05 G7385
स्नैक्स सामग्री – 18 बोरी
सब्जी परिवहन कैरेट – 15
कुल जब्त मशरूका – करीब ₹11 लाख
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक संदीप जाट सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
Continue With Google
Comments (0)