सीवरेज लाइन और गैस लाइन के कार्य के चलते ,गड्डो की भरमार जहां-तहां गड्ढे खोदने से यातायात हो रहा अवरुद्ध 
यातायात व्यवस्था हुई लाचार ,मुख्य मार्ग पर लग रहा जाम।

बड़वानी -दरअसल शहर में चल रहे सीवरेज लाइन और गैस लाइन के कार्य के चलते सड़को को खोदा जा रहा है। इससे मुख्य मार्गों पर जाम लग रहा है, वहीं हादसों की संभावना बढ़ गई है। ऐसे में अब आमजन और व्यापारियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। ऐसा ही  मामला गुरुद्वारा चौराहा पर देखने को मिल रहा है। 
  डिवाइडर के एक ओर सीवरेज कार्य, तो दूसरी ओर गैस लाइन डालने के लिए सडक़ छलनी की जा रही है। जिसे लेकर  मोबाइल दुकानदार अजय ठाकुर ने बताया कि  दुकान के सामने करीब 15 दिन पूर्व गड्ढा खोदा था। दो दिन में काम कर गड्ढा भरकर रिपेयरिंग की बात कही थी, लेकिन 15 दिन से गड्ढा खोदकर काम छोड़ दिया  है। इससे आए दिन वाहनों में टकराव होने पर विवाद हो रहे है। पूरे मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे खोदकर बैरिकेड लगाकर कर्तव्य से इतिश्री की गई है। काम कब तक पूर्ण होगा, हॉलाकि इसकी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहा है। इस दौरान जेसीबी, पोकलेन सहित अन्य मशीनरी से सडक़ों को खोदकर पाइप डालने का काम जारी है। गुरुद्वारा चौराहा पर यातायात का दबाव अधिक रहता है। ऐसे में आये दिन सडक़ किनारे जहां-तहां गड्ढे खोदने से यातायात अवरुद्ध हो रहा हैं और हादसों की आशंका बढ़ गई है। वहीं नगर पालिका के जिम्मेदार भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे। जिसके चलते आमजन सहित दुकानदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।