राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी राजभाषा संबंधी संसदीय समिति के सदस्य के रूप में बिहार एवं सिक्किम के विभिन्न सरकारी कार्यालयों का करेंगे निरीक्षण
बड़वानी:-भारत सरकार द्वारा राजभाषा हिंदी के संवर्धन एवं शासकीय कार्यों में उसके प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गठित संसदीय राजभाषा समिति की द्वितीय उप समिति का अध्ययन दौरा दिनांक 14 मई 2026 से 19 मई 2026 तक बिहार एवं सिक्किम राज्यों में आयोजित किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण अध्ययन दौरे में राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी समिति के सदस्य के रूप में सहभागिता करेंगे।
यह अध्ययन दौरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के उस संकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें उन्होंने भारतीय भाषाओं, विशेषकर हिंदी को प्रशासन, तकनीक, शिक्षा एवं जनसंचार के क्षेत्र में सशक्त बनाने पर निरंतर बल दिया है। केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों एवं सार्वजनिक उपक्रमों में हिंदी के उपयोग, प्रगति एवं व्यवहारिक क्रियान्वयन की समीक्षा इस दौरे का प्रमुख उद्देश्य रहेगा।
दौरे के दौरान समिति द्वारा बिहार एवं सिक्किम के विभिन्न केंद्रीय एवं सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक उपक्रमों तथा महत्वपूर्ण संस्थानों का निरीक्षण किया जाएगा। इनमें भारतीय खाद्य निगम, भारत संचार निगम लिमिटेड, आकाशवाणी, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र, भारतीय मानक ब्यूरो, डाक विभाग, रेलवे संस्थान, ऊर्जा परियोजनाएं, नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो, सी-डैक, एनटीपीसी, एनएचपीसी, नीपको सहित अनेक सरकारी कार्यालय प्रमुख रूप से शामिल हैं।
इस दौरान राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं बल्कि भारत की सांस्कृतिक आत्मा और जनसंपर्क का सशक्त माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में भारतीय भाषाओं को गौरव प्रदान करने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। संसदीय राजभाषा समिति का यह अध्ययन दौरा शासकीय कार्यों में हिंदी के अधिकतम उपयोग, तकनीकी संस्थानों में भारतीय भाषाओं के विस्तार तथा आमजन तक प्रशासनिक संवाद को सरल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।
साथ हि उन्होंने कहा कि समिति विभिन्न सरकारी कार्यालयों में हिंदी के उपयोग की वास्तविक स्थिति का अध्ययन करेगी तथा जहां आवश्यक होगा वहां सुधारात्मक सुझाव भी प्रदान करेगी, ताकि राजभाषा नीति का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। यह दौरा “एक भारत श्रेष्ठ भारत” की भावना को भी मजबूत करेगा।
उल्लेखनीय है कि अध्ययन दौरे के अंतर्गत समिति 14 मई से 16 मई तक बिहार की राजधानी पटना में विभिन्न सरकारी कार्यालयों का निरीक्षण करेगी। इसके पश्चात 17 मई को बागडोगरा होते हुए गंगटोक पहुंचेगी तथा 18 एवं 19 मई को सिक्किम एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र के विभिन्न सरकारी संस्थानों एवं कार्यालयों का अध्ययन करेगी।
क्षेत्रवासियों एवं हिंदी प्रेमियों ने सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी की इस महत्वपूर्ण सहभागिता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र एवं हिंदी भाषा के लिए गौरव का विषय बताया है।

Continue With Google
Comments (0)