गुना: बिजली विभाग की घोर लापरवाही, जमीन तक लटके 11 KV तारों की चपेट में आकर ऊंट की मौत
गुना/धरनावदा: मध्य प्रदेश के गुना जिले में विद्युत विभाग की एक और गंभीर लापरवाही सामने आई है। धरनावदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बनेह गांव में 11 केवी की बिजली लाइन के तार जमीन तक लटके हुए थे, जिनकी चपेट में आने से एक ऊंट की दर्दनाक मौत हो गई।
क्या है पूरा मामला?
राजस्थान से आए मारवाड़ी चरवाहे अपनी भेड़ों और ऊंटों को चराने के लिए क्षेत्र में आए हुए थे। 13 जून की सुबह जब वे पशुओं को चरा रहे थे, तभी तरुण भार्गव के खेत से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन के तार, जो जमीन से महज 4 से 5 फीट ऊपर लटके हुए थे, उनके ऊंट से टकरा गए। करंट लगने से ऊंट ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
स्थानीय ग्रामीणों और खेत मालिक ने बताया कि इन झूलते तारों के संबंध में कई बार क्षेत्रीय विद्युत मंडल के कर्मचारियों और अधिकारियों को सूचित किया गया था। बार-बार शिकायत के बावजूद तारों को ऊपर करने या जर्जर लाइनों को दुरुस्त करने की जहमत नहीं उठाई गई। ग्रामीणों का कहना है कि यह विभाग की लापरवाही का ही नतीजा है कि आज एक बेजुबान जानवर को अपनी जान गंवानी पड़ी। यह घटना किसी बड़ी जनहानि का कारण भी बन सकती थी।
पुलिस पहुंची मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही झागर पुलिस चौकी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित चरवाहों ने विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Continue With Google
Comments (0)