*बीजेपी में सब ठीक है? विधायक सिद्धार्थ तिवारी का वायरल वीडियो बना सियासी चर्चा का केंद्र*
*तीन बार के विधायक के कामकाज पर टिप्पणी से गरमाई राजनीति, भाजपा की अंदरूनी खींचतान पर उठे सवाल*
रीवा। रीवा जिले की राजनीति में एक वायरल वीडियो ने नया सियासी भूचाल ला दिया है। त्यौंथर से भाजपा विधायक सिद्धार्थ तिवारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे कार्यकर्ताओं से चर्चा के दौरान पड़ोसी सिरमौर विधानसभा के तीन बार के विधायक के कामकाज पर सवाल उठाते नजर आ रहे हैं। राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि उनका इशारा दिव्यराज सिंह की ओर था।
अपने क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए विधायक सिद्धार्थ तिवारी ने जो बातें कहीं, उन्हें अब भाजपा की अंदरूनी राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। वायरल वीडियो के सामने आने के बाद जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या भाजपा के भीतर सब कुछ सामान्य है या फिर नेताओं के बीच मतभेद अब सार्वजनिक होने लगे हैं।
विपक्ष भी इस वायरल वीडियो को लेकर भाजपा पर निशाना साधने का मौका तलाश रहा है, जबकि सोशल मीडिया पर समर्थकों और विरोधियों के बीच तीखी बहस छिड़ गई है। हालांकि, वायरल वीडियो की विभिन्न तरह से व्याख्या की जा रही है और इसे लेकर तरह-तरह के राजनीतिक कयास लगाए जा रहे हैं।
फिलहाल इस पूरे मामले पर न तो विधायक सिद्धार्थ तिवारी की कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है और न ही सिरमौर विधायक दिव्यराज सिंह की ओर से कोई बयान जारी किया गया है। ऐसे में वायरल वीडियो को लेकर चल रही चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
Continue With Google
Comments (0)