एंकर/- सिविल अस्पताल हटा में ड्यूटी के दौरान मेडिकल ऑफिसर डॉ. चेतन्य साहू के साथ गाली-गलौज, अभद्रता एवं मारपीट के मामले को लेकर मध्यप्रदेश शासकीय चिकित्सक संघ  की दमोह जिला शाखा ने नाराजगी जताई है। संघ की ओर से शनिवार को हटा एसडीओपी केपी सिंह को उनके कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी सहित कड़ी वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि 9 सितंबर को सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों के उपचार के दौरान एक व्यक्ति द्वारा चिकित्सक के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए हाथ पकड़कर झकझोरने तथा मारपीट का प्रयास किया गया। इस संबंध में हटा थाना में अपराध क्रमांक 0463/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 132, 296(बी), 115(2) एवं 351(2) में मामला दर्ज किया गया है। चिकित्सक संघ ने कहा कि शासकीय चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी गंभीर परिस्थितियों में मरीजों का उपचार करते हैं। ड्यूटी के दौरान गाली-गलौज, धमकी अथवा मारपीट की घटनाएं चिकित्सकों की सुरक्षा और मनोबल को प्रभावित करने के साथ ही अस्पताल की कार्यप्रणाली एवं मरीजों के उपचार पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती हैं। आरोपी की गिरफ्तारी और डॉक्टर प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की। संघ ने ज्ञापन के माध्यम से आरोपी की तत्काल पहचान कर गिरफ्तारी, प्रकरण की निष्पक्ष एवं त्वरित विवेचना तथा मध्यप्रदेश चिकित्सकीय सेवा व्यक्ति एवं चिकित्सकीय सेवा संस्थान अधिनियम, 2008 सहित अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित अवधि में आरोपी की गिरफ्तारी एवं अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जाती है तो चिकित्सक संघ लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से चरणबद्ध विरोध प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा। पहले चरण में जिला स्तर पर काली पट्टी बांधकर विरोध एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समक्ष ज्ञापन प्रदर्शन, दूसरे चरण में जिले के शासकीय चिकित्सकों द्वारा सामूहिक अवकाश अथवा प्रतीकात्मक विरोध तथा तीसरे चरण में प्रदेश संगठन के साथ समन्वय कर व्यापक शांतिपूर्ण विरोध की बात ज्ञापन में कही गई है। ज्ञापन सौंपने के दौरान डॉ. विशाल शुक्ला, डॉ. यूएस पटेल, डॉ. आरपी कोरी, डॉ. अभिषेक पटेल, डॉ. मयंक प्यासी, डॉ. मनीष, डॉ. शारदा पटेल, डॉ. भूमिजा राजपूत अन्य डॉक्टर्स एवं मध्यप्रदेश शासकीय चिकित्सक संघ के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। चिकित्सकों ने पुलिस से मामले में शीघ्र कड़ी कार्रवाई अपेक्षा जताई।