एंकर/- दमोह जिले के हटा थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब बोरी खुर्द में एक अधिवक्ता के सूने मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की जानकारी उस वक्त लगी जब पड़ोसियों ने मकान के टूटे हुए ताले देखे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही हटा पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को बुलाकर मामले की जांच शुरू की। बोरी खुर्द निवासी अधिवक्ता श्याम विवेक चौरसिया अपने परिवार के साथ एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने इंदौर गए हुए थे। घर सूना था और इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने गुरुवार देर रात मकान के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने घर में जमकर उत्पात मचाया और सामान को खंगालते हुए सोने का हार, चांदी के कलश, पायल, मंगलसूत्र समेत करीब 25 हजार रुपए की नकदी एवं इनवर्टर चोरी कर ले गए। शुक्रवार रात पड़ोसियों की नजर जब टूटे हुए ताले मकान के खुले गेट पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे तो घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और चोरी की पूरी घटना सामने आई। अंशुमान चौरसिया ने बताया कि यह मकान उनके बड़े भाई श्याम चौरसिया का है। परिवार निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाहर गया था और घर पर कोई मौजूद नहीं था। इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
हटा थाना प्रभारी सुधीर बेगी के मुताबिक घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं और पड़ोसियों से भी जानकारी ली जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि आखिर हटा क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों पर अंकुश कब लगेगा..बताया जा रहा है कि हटा थाना क्षेत्र में महज दो दिनों के भीतर चोरी की यह चौथी वारदात सामने आई है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर और ग्रामीण इलाकों में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आने के बीच लोगों के बीच भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। अब देखना होगा कि पुलिस इन वारदातों में शामिल अज्ञात चोरों तक कब पहुंचती है और चोरी का माल कब बरामद होता है।