नपाध्यक्ष ने गुरु पूर्णिमा पर किया गुरूजनों का भव्य सम्मान
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर नगर पालिका की प्रथम नागरिक, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता अरविंद गुप्ता ने शहर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में गुरूजनों का सम्मान किया।
कार्यक्रम की शुरुआत महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से हुई, जहां श्रीमती सविता अरविंद गुप्ता ने छात्रों को शुभकामनाएं प्रेषित की और शिक्षिकाओं को सम्मानित किया।
इसके पश्चात, संदीपनी विद्यालय, गुना में भाजपा जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार, गुना विधायक श्री पन्नालाल शाक्य और नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता अरविंद गुप्ता ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण भी किया गया।
कार्यक्रम में सेवानिवृत शिक्षकों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष ने अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज आषाढ़ पूर्णिमा है, जिसे महर्षि वेदव्यास के जन्मदिन के रूप में भी मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि व्यास जी ने हमें वेदों, पुराणों और महाभारत का ज्ञान दिया, इसलिए यह दिन "व्यास पूर्णिमा" भी कहलाता है।
गुरु की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा:
गुरुर्ब्रह्मा गुरुर्विष्णुर्गुरुर्देवो महेश्वरः।
गुरुर्साक्षात् परब्रह्म तस्मै श्री गुरवे नमः॥
इस श्लोक में गुरु को ब्रह्मा, विष्णु, शिव और स्वयं परमात्मा के बराबर माना गया है। गुरु वही होता है जो अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि माता-पिता हमारे पहले गुरु हैं और शिक्षक हमें शिक्षा देते हैं। जीवन हमें हर कदम पर कुछ न कुछ सिखाता है, इसलिए हर सीख देने वाला हमारे लिए गुरु के समान है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री पन्नालाल शाक्य और भाजपा जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार ने भी सम्बोधित किया। सांदीपनि विद्यालय की छात्राओं ने आकर्षक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को और भी रोचक बना दिया।
अंत में, सभी ने मिलकर अपने गुरुओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
Continue With Google
Comments (0)