*एक डॉक्टर के भरोसे 50 गांवों की सेहत, बरसात से पहले मानपुर की स्वास्थ्य व्यवस्था पर मंडराया संकट*
*महिला चिकित्सक का अभाव, अधिकांश प्रसूताओं को करना पड़ रहा रेफर; अमरपुर, इंदवार, ताला और बिजौरी क्षेत्र भी डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे*

* मानपुर*

मानपुर क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था इन दिनों गंभीर संकट से गुजर रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मानपुर में लगभग 50 गांवों की बड़ी आबादी की जिम्मेदारी महज एक डॉक्टर के भरोसे है। बरसात और उमस के मौसम में संक्रामक बीमारियों, वायरल संक्रमण और सर्पदंश जैसी घटनाओं में बढ़ोतरी की आशंका के बीच यह स्थिति क्षेत्रवासियों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, सीएचसी मानपुर में पहले दो चिकित्सक पदस्थ थे, लेकिन डॉ. फिरोज खान का बांड पूरा होने के बाद वे शहडोल में अपनी सेवाएं देने के लिए मुक्त हो चुके हैं। सूत्रों के मुताबिक एमपीपीएससी से डॉ. पवन कुमार साकेत की पदस्थापना मानपुर में की गई है, लेकिन उन्होंने अभी तक कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। ऐसे में पूरी स्वास्थ्य व्यवस्था एकमात्र चिकित्सक के भरोसे संचालित हो रही है।

महिला चिकित्सक के अभाव में क्षेत्र की लगभग 70 प्रतिशत गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए जिला चिकित्सालय उमरिया अथवा संभागीय चिकित्सालय शहडोल रेफर किया जाता है। समय पर जननी एंबुलेंस उपलब्ध न होने और लंबी दूरी के कारण कई बार जच्चा और बच्चा दोनों के सामने गंभीर संकट की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीएचसी मानपुर अब उपचार केंद्र से ज्यादा रेफरल सेंटर बनकर रह गया है।
स्थिति केवल मानपुर तक सीमित नहीं है। अमरपुर, इंदवार, ताला और बिजौरी क्षेत्र भी लंबे समय से चिकित्सकों की कमी से जूझ रहे हैं, जिससे ग्रामीण अंचल के मरीजों को सामान्य इलाज के लिए भी लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।
*सीएमएचओ बोले- शासन स्तर पर भेजी जा चुकी है जानकारी*
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी उमरिया बी.एस. चंदेल ने बताया कि जिले में डॉक्टरों की कमी की जानकारी शासन स्तर पर भेजी जा चुकी है। उन्होंने कहा, "डॉक्टरों की कमी को पूरा करना हमारे हाथ में नहीं है। शासन स्तर से पदस्थापना होने पर ही स्थिति में सुधार संभव होगा।"
*संवेदनशील कलेक्टर महोदया और विधायक महोदया से क्षेत्रवासियों की उम्मीदें*
बरसात और उमस के मौसम को देखते हुए क्षेत्रवासियों को जिले की संवेदनशील कलेक्टर महोदया से अपेक्षा है कि वे स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा कर मानपुर क्षेत्र में पर्याप्त चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक पहल करें। वहीं क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक महोदया से भी लोगों को उम्मीद है कि वे इस गंभीर मुद्दे को शासन स्तर पर प्रमुखता से उठाकर मानपुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में डॉक्टरों की कमी दूर कराने का प्रयास करें, ताकि 50 गांवों की लाखों आबादी की सेहत एक डॉक्टर के भरोसे न रहे।