औचक निरीक्षण में बंद मिला स्कूल का गेट, बाहर खड़े मिले छात्राएं तहसीलदार वर्षा दुबे ने प्राचार्य को थमाया नोटिस

डोंगरसलैया के शासकीय नवीन हाई स्कूल में लापरवाही उजागर, तीन दिन में मांगा स्पष्टीकरण; कार्रवाई की चेतावनी

सतीष सेन, देवरी (सागर)।

देवरी तहसील के शासकीय नवीन हाई स्कूल, डोंगरसलैया में विद्यालय संचालन में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। तहसीलदार वर्षा दुबे द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के दौरान विद्यालय का मुख्य प्रवेश द्वार बंद मिला, जबकि कई छात्र-छात्राएं विद्यालय परिसर के बाहर खड़े होकर स्कूल खुलने का इंतजार कर रहे थे। इस स्थिति को गंभीर मानते हुए तहसीलदार ने विद्यालय के प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

तहसीलदार द्वारा जारी नोटिस के अनुसार 28 जुलाई 2026 को सुबह 10 बजे विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में पाया गया कि विद्यालय निर्धारित समय पर संचालित नहीं हो रहा था। मुख्य द्वार बंद होने के कारण विद्यार्थियों को बाहर इंतजार करना पड़ रहा था, जिससे उनकी सुरक्षा, अनुशासन और शिक्षा के अधिकार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था।

नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि विद्यालय संचालन में इस प्रकार की लापरवाही प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है। एक शासकीय सेवक के रूप में निर्धारित दायित्वों का निर्वहन नहीं करना सेवा नियमों के विपरीत है और यह कर्तव्य के प्रति उदासीनता का परिचायक है।

तहसीलदार वर्षा दुबे ने प्राचार्य को निर्देश दिए हैं कि नोटिस प्राप्त होने के तीन दिनों के भीतर तथ्यात्मक एवं संतोषजनक जवाब प्रस्तुत करें। यदि निर्धारित समय में उत्तर प्राप्त नहीं होता या जवाब असंतोषजनक पाया जाता है, तो उपलब्ध तथ्यों के आधार पर एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नोटिस की प्रतिलिपि कलेक्टर सागर एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) देवरी को भी आवश्यक कार्रवाई एवं अवलोकनार्थ भेजी गई है।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के शासकीय विद्यालयों में समय पर संचालन और प्रशासनिक अनुशासन को लेकर सख्ती के संकेत मिल रहे हैं। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि विद्यालय प्रबंधन अपने पक्ष में क्या स्पष्टीकरण देता है और प्रशासन आगे क्या कदम उठाता है।