*उमरिया के सफाई कर्मचारियों ने 25 सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, 21 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो हड़ताल की चेतावनी*
उमरिया। मध्य प्रदेश श्रमजीवी सफाई कर्मचारी संघ (संबद्ध भारतीय मजदूर संघ) के बैनर तले जिले के सफाई कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर कलेक्टर को 25 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। संघ ने मांगों के निराकरण के लिए 21 दिन का समय देते हुए चेतावनी दी है कि यदि तय अवधि में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो जिले की सभी नगरपालिकाओं एवं नगर परिषदों में सफाई कार्य बंद कर हड़ताल की जाएगी।
ज्ञापन में उमरिया नगर पालिका की आउटसोर्स व्यवस्था की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर एफआईआर दर्ज करने, ठेका प्रथा समाप्त कर सफाई कर्मचारियों का वेतन सीधे नगर पालिका से दिलाने, आउटसोर्स कर्मचारियों के बकाया एरियर का भुगतान, रिक्त पदों पर भर्ती, 10 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों को नियमित करने, सुरक्षा सामग्री, स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा, ईपीएफ-ईएसआई जमा कराने सहित कुल 25 मांगें शामिल हैं।
संघ ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ निकायों में कर्मचारियों का शोषण, अवैध वसूली और भ्रष्टाचार हो रहा है, जिसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी पात्र कर्मचारियों को आवास योजना, महंगाई भत्ता, वर्दी भत्ता तथा अन्य लंबित देयों का भुगतान किए जाने की मांग की गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि यदि 21 दिनों के भीतर मांगों पर सकारात्मक एवं ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो जिले की सभी नगरपालिकाओं और नगर परिषदों में सफाई कर्मचारी हड़ताल पर चले जाएंगे। संघ ने स्पष्ट किया है कि ऐसी स्थिति में यदि सफाई व्यवस्था प्रभावित होती है तो इसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
Comments (0)