रिपोर्टर महेंद्र सिंह लहरिया 

मुरैना, 28 जुलाई 2026:  पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित विशेष जन-जागरूकता अभियान "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" के अंतर्गत आज मुरैना जिले में आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।  यह आयोजन पुलिस अधीक्षक मुरैना श्री धर्मराज मीना (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।  कला के माध्यम से दिया नशा मुक्ति का संदेशमुरैना पुलिस द्वारा श्री सुधीर आचार्य एवं उनकी 'आचार्य आनंद टीम' के सहयोग से जिले के कैलारस, सबलगढ़ एवं जौरा थाना क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटकों का जीवंत मंचन कराया गया। नाटकों के माध्यम से दर्शाया गया कि नशा किस तरह किसी व्यक्ति, उसके परिवार और पूरे समाज को तबाही की ओर ले जाता है। कलाकारों ने युवाओं और आम नागरिकों को नशीले पदार्थों से दूर रहने की अपील की, जिसे उपस्थित जनसमूह ने काफी सराहा।  आमजन को दिलाई गई नशा मुक्ति की शपथकार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों को "नशा मुक्ति की शपथ" दिलाई। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार व समाज को नशा मुक्त बनाएं और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस को दें।  3000 से अधिक लोगों की सहभागिताइस विशेष अभियान में जिले के 3000 से अधिक युवाओं, व्यापारियों, राहगीरों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।  मुरैना पुलिस के अनुसार, आने वाले दिनों में भी जिलेभर में इस प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर समाज के हर वर्ग तक नशा मुक्ति का संदेश पहुँचाया जाएगा।  मुरैना पुलिस का संदेश: "सहयोगी जनता - सक्रिय पुलिस - सुरक्षित समाज"