कलेक्टर ने लश्करपुर और हररुखेड़ी गांव में पहुंचकर ओलावृष्टि प्रभावित फसलों का किया निरीक्षण
..
दो दिन में सर्वे कर राहत प्रकरण तैयार करने के निर्देश
..
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने आज विदिशा तहसील के ओलावृष्टि से प्रभावित ग्राम लश्करपुर एवं हररुखेड़ी का दौरा कर फसलों को हुई क्षति का खेतों में पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओलावृष्टि से प्रभावित कृषकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और वास्तविक स्थिति का आंकलन किया। निरीक्षण के समय संबंधित किसान, सरपंच एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने खेतों में पहुंचकर खड़ी फसलों को हुए नुकसान का अवलोकन किया और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसानों को राहत देने में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान उपस्थित एसडीएम एवं तहसीलदार को निर्देशित किया गया कि दो दिवस के भीतर फसल क्षति का सर्वे पूर्ण कर जानकारी तैयार की जाए। साथ ही, राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) के प्रावधानों के अंतर्गत राहत राशि के प्रकरण शीघ्र तैयार कर पात्र किसानों को समय पर सहायता राशि वितरित की जाए।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में प्रशासन किसानों के साथ है और शासन की मंशानुसार प्रभावित कृषकों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने राजस्व एवं कृषि विभाग के अमले को संयुक्त रूप से कार्य कर पारदर्शिता के साथ सर्वे कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि वास्तविक रूप से प्रभावित किसानों को ही राहत का लाभ मिल सके।

Continue With Google
Comments (0)