*पांढुर्णा पुलिस की पहल: ग्राम पंद्राखेड़ी में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित*

 

*पुलिस अधीक्षक सुश्री विदिता डागर ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध को लेकर किया जागरूक*

 

*पांढुर्णा।* पांढुर्णा जिले की पुलिस अधीक्षक सुश्री विदिता डागर के नेतृत्व में गांव से लेकर शहर तक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना मोहगांव अंतर्गत ग्राम पंद्राखेड़ी में पुलिस जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

 

पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सुश्री विदिता डागर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मनकामना प्रसाद एवं एसडीओपी पांढुर्णा श्री बृजेश भार्गव उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम के दौरान एसपी सुश्री डागर ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। इस दौरान महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा, महिला संबंधी अपराध, साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, नशे की प्रवृत्ति एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

एसपी द्वारा ग्रामीणों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अपराध अथवा महिला-बालिकाओं से संबंधित समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को दें। ऐसी सूचनाएं गोपनीय रूप से भी पुलिस को दी जा सकती हैं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अपराधों की रोकथाम की जा सके।

 

उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने आस-पास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें, पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखें और महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष रूप से सजग रहें। किसी भी समस्या में बिना संकोच पुलिस से संपर्क करें।

 

पांढुर्णा पुलिस का उद्देश्य जनसंवाद के माध्यम से आमजन का विश्वास अर्जित करना और सुरक्षित एवं अपराधमुक्त समाज का निर्माण करना है।