डबरा शहर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक का शव नाले में पड़ा हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। तो वहीं मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

पुलिस द्वारा शव की शिनाख्त नरेश उर्फ रानू सेन पुत्र राधेलाल सेन, उम्र 32 वर्ष, निवासी हनुमानगंज डंडा के रूप में की गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक शहर में सैलून की दुकान संचालित करता था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए।

फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आ पाया है। बता दें कि डबरा में इस तरह के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। सिटी थाना पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।