आलोट। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आलोट पुलिस ने 60 किलो 750 ग्राम डोडाचूरा जब्ती के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, जब्त डोडाचूरा की कीमत 9 लाख 11 हजार 250 रुपये है। मामले में झाबुआ जिले की चार महिलाओं को पहले आरोपी बनाया गया था। पूछताछ में सामने आए नाम के आधार पर पुलिस ने पिपलिया पीथा निवासी 50 वर्षीय गोपाल पिता भग्गाजी मालवीय को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

खेत के कच्चे रास्ते से मिला था डोडाचूरा

पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को ग्राम पिपलिया सिसोदिया के पास खेतों के कच्चे रास्ते पर कार्रवाई कर 60 किलो 750 ग्राम डोडाचूरा जब्त किया गया था। इस मामले में रेवा पति भूरा कलारा, ललिता पति दिनेश बारिया, रमिला पति परस वसुनिया और सन्नू पति बाबू मिनामा को आरोपी बनाया गया था। चारों महिलाएं झाबुआ जिले की निवासी बताई गई हैं। मामले में अपराध क्रमांक 583/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

पूछताछ में सामने आया नाम

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान डोडाचूरा पिपलिया पीथा निवासी गोपाल मालवीय से लेना बताया गया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गोपाल मालवीय को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। पुलिस अब मामले में डोडाचूरा की आपूर्ति और अन्य संभावित कड़ियों को लेकर पूछताछ कर रही है।