डबरा ब्रेकिंग
कलेक्टर के आदेश की खुली अवहेलना! अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर ने डायल-112 को मारी जोरदार टक्कर, चालक गिरफ्तार, ट्रैक्टर जब्त
डबरा। ग्वालियर कलेक्टर द्वारा 1 जुलाई से 30 सितंबर तक रेत खनन एवं परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद अवैध रेत परिवहन जारी है। शुक्रवार सुबह इसका गंभीर मामला सामने आया, जब हाईवे स्थित कुक्कू ढाबे के सामने अवैध रेत का परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर ने डायल-112 (FRV-35) को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में डायल-112 में ड्यूटी पर तैनात राजेश रावत, जितेंद्र साहू एवं चालक धर्मेंद्र बघेल सुरक्षित रहे, लेकिन FRV-35 क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के बाद चालक ने डर के कारण अचानक तबीयत खराब होने का बहाना बनाया, जिसके बाद पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि कलेक्टर के स्पष्ट प्रतिबंधात्मक आदेश के बावजूद आखिर अवैध रेत का परिवहन कैसे जारी है? प्रतिबंध के बाद भी क्षेत्र में लगातार अवैध रेत परिवहन की शिकायतें सामने आ रही हैं और अब पुलिस की डायल-112 को ही टक्कर लगने की घटना ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।
फिलहाल पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा मामले की जांच जारी है।
Continue With Google
Comments (0)