डबरा ब्रेकिंग
रिपोर्टर हेमन्त उपाध्याय
डबरा। शहर के सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत बल्ला का डेरा इलाके में रविवार शाम गाड़ी निकालने की मामूली बात ने अचानक खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। घटना में कई लोग घायल हो गए, जबकि देर रात तक सिटी थाने में भारी हंगामा और तनाव की स्थिति बनी रही। आक्रोशित लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने का घेराव कर दिया।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 7 बजे संकरी गली से वाहन निकालने को लेकर दो पक्षों में विवाद शुरू हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया।
फरियादी इमरान खान पुत्र इनायत खान निवासी दीदार कॉलोनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मोहल्ले में शादी समारोह में जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान घर के पास खड़ी लोडिंग गाड़ी हटाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि स्कॉर्पियो वाहन में सवार गोलू बाथम, विक्की बाथम, रामू बाथम सहित अन्य लोगों ने गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया।
शिकायत के अनुसार विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने चाकू और डंडों से हमला किया, जिसमें इमरान खान की नाक में चाकू लगने से गंभीर चोट आई, जबकि जाकिर के सिर में डंडा लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जाकिर को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है।
थाने में हंगामा, पुलिस के खिलाफ नारेबाजी
घटना के बाद एक समुदाय के सैकड़ों लोग सिटी थाना पहुंच गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने घायल युवकों को थाने के फर्श पर लिटाकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। देर रात तक थाना परिसर में भारी भीड़ जमा रही, जिससे हालात तनावपूर्ण बने रहे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात करना पड़ा।
थाना प्रभारी पर लगे गंभीर आरोप
हंगामे के दौरान प्रदर्शनकारियों ने थाना प्रभारी प्रमोद नागर पर भी गंभीर आरोप लगाए। लोगों का आरोप था कि थाना प्रभारी ने एक पक्ष का समर्थन किया और विवाद के दौरान अभद्र व्यवहार किया। हालांकि पुलिस अधिकारियों की ओर से इन आरोपों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पुलिस बोली — निष्पक्ष जांच होगी
सिटी थाना पुलिस का कहना है कि गाड़ी निकालने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Continue With Google
Comments (0)