उड़ीसा से डबरा तक हो रही थी गांजे की सप्लाई, पति-पत्नी सहित तीन आरोपी गिरफ्तार, मुख्य सरगना फरार
ग्वालियर/डबरा। राष्ट्रपति के प्रस्तावित ग्वालियर दौरे को लेकर जिलेभर में चलाए जा रहे सघन सुरक्षा एवं चेकिंग अभियान के दौरान डबरा सिटी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 24 किलो 310 ग्राम अवैध गांजा एवं एक बिना नंबर की इलेक्ट्रिक स्कूटी जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत लगभग 2 लाख 45 हजार रुपये तथा स्कूटी की कीमत करीब 56 हजार रुपये बताई गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जयराज कुबरे एवं एसडीओपी डबरा सौरभ कुमार के मार्गदर्शन में थाना डबरा सिटी पुलिस द्वारा मगरोरा रोड स्थित मजार के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर की इलेक्ट्रिक स्कूटी पर दो पुरुष और एक महिला सवार आते दिखाई दिए। पुलिस चेकिंग देखकर तीनों ने वापस लौटने का प्रयास किया, जिससे पुलिस को संदेह हुआ। घेराबंदी कर उन्हें रोककर पूछताछ और तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास रखे दो ट्रॉली बैगों से कुल 24 किलो 310 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश चौहान निवासी डबरा, अरविन्द वंशकार निवासी कोटखेरा जिला झांसी तथा उसकी पत्नी रजनी वंशकार के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि डबरा निवासी संतोष पचौरी उड़ीसा से गांजा मंगवाकर इस नेटवर्क का संचालन करता था। अरविन्द और रजनी गांजे की खेप डबरा तक पहुंचाते थे, जबकि दिनेश चौहान क्षेत्र में फुटकर बिक्री का काम करता था।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी संतोष पचौरी वर्तमान में उड़ीसा के संभलपुर क्षेत्र के आसपास मौजूद है। उसके खिलाफ भी प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चैन की जांच में जुटी हुई है।
थाना डबरा सिटी में अपराध क्रमांक 322/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संजय शर्मा, उप निरीक्षक जीतेन्द्र आर्यन शर्मा, प्रधान आरक्षक शिवशांत पाण्डेय, प्रधान आरक्षक दिनेश तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Continue With Google
Comments (0)