देवास में देर रात ढाबा संचालक पर जानलेवा हमला, दबंगों का तांडव CCTV में कैद
मध्य प्रदेश के देवास शहर में देर रात हुई गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। शंकरगढ़ बायपास स्थित तंदूरी ट्रीट फैमिली रेस्टोरेंट में 12 फरवरी की रात को कुछ बदमाशों ने हमला कर दिया। घटना रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच की है, जब आरोपियों ने खुद को इलाके का दादा बताते हुए रेस्टोरेंट में असमय खाना मांगा।
रेस्टोरेंट संचालक के खाना उपलब्ध न होने की बात कहने पर आरोपियों ने जबरन पैसे की मांग शुरू कर दी। संचालक द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए डंडों, बेल्ट और पत्थरों से हमला कर दिया।
इस हमले में ढाबा संचालक जितेंद्र शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनके सिर में 7-8 टांके आए और हाथ में फ्रैक्चर हो गया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार
- सूचना मिलते ही औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मुख्य आरोपी अक्षय व्यास सहित निखिल नागर, देवेंद्र उर्फ देवा और दीपेश उर्फ राजा को गिरफ्तार कर लिया।
- मुख्य आरोपी अक्षय व्यास पर पहले से एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पीड़ित ढाबा संचालक जितेंद्र शर्मा ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और कड़ी सजा की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Continue With Google
Comments (0)