छतरपुर जिले के मातगुवां थाना क्षेत्र से मारपीट का एक गंभीर मामला सामने आया है। जहां पिपोराखुर्द गांव के एक युवक ने पड़ोसी गांव रसुइया के दो लोगों पर लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप लगाया है।

पीड़ित जितेंद्र अहिरवार ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 7 मार्च की रात करीब 9 बजे होली के त्योहार के दौरान रसुइया गांव के विनीत भदौरिया और राजा भदौरिया उसके घर के सामने आकर विवाद करने लगे।

आरोप है कि दोनों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गालियां दीं और लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे युवक के हाथ में गंभीर चोट आई और खून निकल आया।

पीड़ित का यह भी कहना है कि आरोपी पहले भी गांव के कई लोगों के साथ मारपीट कर चुके हैं, लेकिन डर के कारण लोगों ने शिकायत नहीं की।

फिलहाल पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।