डबरा। ग्वालियर पुलिस द्वारा फरार स्थाई वारंटियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना डबरा सिटी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 स्थाई वारंटों में फरार चल रहे एक शातिर वारंटी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को परशुराम चौराहा डबरा से दबोचा गया।

पुलिस के अनुसार माननीय न्यायालय द्वारा आरोपी के खिलाफ कुल 16 स्थाई वारंट जारी किए गए थे। इनमें थाना डबरा के 9, थाना महाराजपुरा के 4, थाना घाटीगांव के 2 एवं थाना ग्वालियर के 1 प्रकरण शामिल हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह के निर्देश पर जिलेभर में फरार स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) जयराज कुबेर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डबरा सौरभ कुमार के निर्देशन में थाना प्रभारी डबरा सिटी उनि संजय शर्मा द्वारा पुलिस टीम को सक्रिय किया गया।

दिनांक 20 मई 2026 को पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति नीले रंग का बैग टांगे परशुराम चौराहा ग्वालियर रोड पर खड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर संदिग्ध भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हेमंत जाटव उर्फ सीरोठिया पुत्र राजेन्द्र जाटव उम्र 28 वर्ष निवासी अंबेडकर कॉलोनी गली नंबर 7 डबरा बताया। जांच में उसके खिलाफ विभिन्न न्यायालयों से जारी 9 स्थाई वारंटों में मौके पर गिरफ्तारी की गई। साथ ही अन्य थानों में लंबित 7 वारंटों की जानकारी संबंधित थानों को भेजी गई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना महाराजपुरा में 4, थाना घाटीगांव में 2 एवं थाना ग्वालियर में 1 स्थाई वारंट लंबित है।

सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि संजय शर्मा, प्रआर जितेन्द्र रिछारिया, प्रआर प्रमोद शर्मा एवं आरक्षक वी.टी. गोस्वामी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।