डबरा। अनुविभाग डबरा के पिछोर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चिरुली में आबकारी विभाग ने अवैध शराब निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नाले के किनारे जमीन में गाड़े गए 12 लोहे के ड्रमों एवं जमीन पर बने गड्ढों से लगभग 4900 किलो गुड़ लहान बरामद किया।

कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से गुड़ लहान के सैंपल लेकर शेष सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया। बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है।

आबकारी विभाग द्वारा इस मामले में कुल 6 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं।

यह कार्रवाई डबरा आबकारी वृत्त प्रभारी सतेंद्र सिंह मीणा के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में आबकारी आरक्षक कपिल गुगनानी, प्रदीप हिंडौनिया एवं मयंक जादौन का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।