देवास। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत की जीत के बाद शहर में जश्न का माहौल रहा, लेकिन इस दौरान कुछ स्थानों पर हुड़दंग की स्थिति भी बन गई। एबी रोड स्थित सयाजी द्वार के पास बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी इकट्ठा होकर जीत का जश्न मना रहे थे। लोगों ने नारेबाजी करते हुए गुलाल उड़ाया और आतिशबाजी की।

इसी दौरान कुछ शरारती तत्वों ने माहौल बिगाड़ते हुए एक-दूसरे पर और पुलिस की ओर जलते हुए पटाखे फेंकना शुरू कर दिया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पटाखा फूटने से उज्जैन से आई क्यूआरएफ के दो जवान सुरेंद्र कुमार और आशीष घायल हो गए। वहीं देवास के सीएसपी सुमित अग्रवाल के कान के पास भी चोट आई और उनके बाल झुलस गए।

स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने पहले भीड़ को हटाने की कोशिश की, लेकिन जब हुड़दंग बढ़ने लगा तो हालात काबू में करने के लिए हल्का बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को मौके से खदेड़ दिया।

घायल पुलिसकर्मियों को जिला अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया गया। पुलिस ने बताया कि मौके पर मौजूद वीडियो फुटेज के आधार पर हुड़दंग करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।