बड़ी खबर | छतरपुर

जिले के राजनगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस कस्टडी में रखे गए आरोपी युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान राजेश पटेल के रूप में हुई है, जो इमिलिया गांव का निवासी बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के पुलिस अधीक्षक अगम जैन स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है। थाने परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और अधिकारियों द्वारा सभी पहलुओं से जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना किन परिस्थितियों में हुई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक को किसी मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। फिलहाल पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। मामले को संवेदनशील मानते हुए वरिष्ठ अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं।

घटना के बाद पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और स्थानीय लोगों में भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जाएगी तथा दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।