शहडोल में 'डिजिटल आतंक' का सनसनीखेज मामला: पार्षद परिवार ने न्याय की गुहार लगाई

शहडोल। जिले के इतवारी मोहल्ले में एक पार्षद परिवार ने सोशल मीडिया के माध्यम से ब्लैकमेलिंग, धमकी और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का दावा है कि एक युवक लगातार वीडियो बनाकर उनकी छवि खराब करने और मानसिक रूप से परेशान करने का प्रयास कर रहा है।

पीड़ित परिवार के अनुसार, मामला केवल बदनामी तक सीमित नहीं है। युवक द्वारा खुलेआम धमकियां देकर दबाव बनाने की भी कोशिश की जा रही है, जिससे परिवार असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है और न्याय की मांग की है।

पार्षद पति एजाज मोहम्मद हाल ही में गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं और उनका ऑपरेशन हुआ है। वे अभी पूरी तरह स्वस्थ नहीं हैं, जिससे उनकी कमजोर स्थिति का फायदा उठाकर उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।

यह विवाद एक जमीन पर निर्माण कार्य से भी जुड़ा हुआ है, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। वहीं, पीड़ित परिवार ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए किसी भी प्रकार के संबंध से इनकार किया है।

अब सवाल उठता है कि क्या सोशल मीडिया का उपयोग ब्लैकमेलिंग और धमकी जैसे अपराधों के लिए किया जा रहा है? और क्या बीमार व्यक्ति को इस तरह निशाना बनाना कानून के दायरे में नहीं आता?

फिलहाल, कोतवाली पुलिस ने मामले की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब देखना होगा कि इस कथित 'डिजिटल आतंक' पर कब तक लगाम लगाई जा सकती है।