आलोट/ताल। रतलाम जिले में अपराधियों और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ताल पुलिस ने एक और उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। ग्राम सनखेड़ी (डेलवास) में हुई लूट की वारदात का मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया होम थिएटर, एलईडी टीवी एवं 5 हजार रुपये नकद बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी आलोट पल्लवी गौर के नेतृत्व में ताल थाना पुलिस ने तत्परता, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से इस वारदात का तेजी से खुलासा किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और लगातार दबिश, पूछताछ तथा साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
पुलिस के अनुसार शिवपुरी जिले के निवासी फेरी व्यापारी दिलीप प्रजापत गांव-गांव घूमकर होम थिएटर, एलईडी टीवी सहित घरेलू सामान बेचने का कार्य करते हैं। 30 जुलाई को ग्राम सनखेड़ी (डेलवास) में दो बदमाशों ने उनसे एक होम थिएटर, एक एलईडी टीवी और 5 हजार रुपये लूट लिए थे। फरियादी की रिपोर्ट पर ताल थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की और 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसडीओपी पल्लवी गौर के कार्यकाल में आलोट अनुविभाग में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की सक्रियता लगातार बढ़ी है। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, शराब माफियाओं, फरार आरोपियों और गंभीर अपराधों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। हाल के महीनों में पुलिस द्वारा कई मामलों का शीघ्र खुलासा और अपराधियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रिय कार्यशैली स्पष्ट दिखाई दे रही है। लूट की इस वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा भी उसी प्रभावी पुलिसिंग का परिणाम माना जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध चाहे किसी भी प्रकार का हो, उसके आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। वहीं अपराधियों पर लगातार कार्रवाई से क्षेत्र में कानून का भय भी मजबूत हुआ है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक स्वराज डाबी के नेतृत्व में ताल थाना पुलिस की टीम ने सराहनीय भूमिका निभाई। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विवेचना जारी है तथा यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Continue With Google
Comments (0)