डबरा। शहर के तहसील रोड पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। अलमारियों से भरी एक लोडिंग गाड़ी झूलती बिजली की केबल में उलझ गई, जिससे पिलर गिरने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार चालक राहुल धानुक अलमारियों से भरी लोडिंग गाड़ी लेकर तहसील रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान वाहन सड़क पर नीचे लटक रही बिजली की केबल में फंस गया। केबल में खिंचाव आने से पास स्थित एक पिलर असंतुलित होकर टीन शेड पर गिर पड़ा। पिलर और टीन शेड के मलबे की चपेट में आने से राज साहू एवं नागेश माथुर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य कर दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए चालक राहुल धानुक को हिरासत में लेकर लोडिंग वाहन को जब्त कर लिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है तथा घायलों के बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

स्थानीय नागरिकों ने इस हादसे के लिए चालक की लापरवाही के साथ-साथ सड़क पर लंबे समय से झूल रही बिजली की केबलों को भी जिम्मेदार बताया है। लोगों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से ऐसे खतरनाक तारों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।