जैन मंदिर के सीढ़ियों के निर्माण पर विवाद, मारपीट में 7 लोग घायल
टीकमगढ़: शहर के व्यस्त पपौरा चौराहा क्षेत्र में उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब प्राचीन दिगंबर जैन मंदिर के पास सीढ़ियों के निर्माण कार्य को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई, जिसमें 7 लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जैन समाज द्वारा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सीढ़ियों का निर्माण कराया जा रहा था। वहीं, पुरानी बस्ती के कुछ स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया। विरोध करने वालों का कहना था कि इस निर्माण से सार्वजनिक रास्ता प्रभावित होगा और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।
इस घटना में एक पक्ष के ऋषभ ऋषि और अभिषेक जैन घायल हुए हैं, जबकि दूसरे पक्ष से राकेश तिवारी, रमाकांत तिवारी, बृजकिशोर तिवारी, अभय तिवारी और सविता तिवारी को चोटें आई हैं। सभी घायलों का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
कोतवाली थाना प्रभारी रवि भूषण पाठक ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया है। साथ ही पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
पुलिस की अपील: पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लेने की अपील की है।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है और आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Continue With Google
Comments (0)