टीकमगढ़ में व्यक्ति का संदिग्ध हालत में मिला शव, सिर कुचला और दीवार पर मिले खून के निशान
पत्नी-बेटे को पुलिस ने हिरासत में लिया
टीकमगढ़ शहर के पुरानी टेहरी मोहल्ले में शनिवार को 45 साल के रामकिशोर रजक का शव उनके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। प्रारंभिक जांच में यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। मकान की दीवारों पर खून के निशान मिले है, मृतक रामकिशोर अपने घर में पत्नी सीमा और एक बेटे के साथ रहते थे। उनका दूसरा बेटा दिल्ली में रहता है। पुलिस को घटनास्थल पर मकान की दीवारों पर खून के निशान और फर्श के टूटे हुए टुकड़े मिले हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर का निरीक्षण किया। पुलिस ने पूछताछ के लिए मृतक की पत्नी सीमा और बेटे को हिरासत में लिया है। घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
डॉग स्क्वॉड, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट से कराई जा रही जांच
कोतवाली थाना प्रभारी रवि भूषण पाठक ने बताया कि डॉग स्क्वॉड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट से घटनास्थल की जांच कराई जा रही है। पत्नी और बेटे से पूछताछ जारी है। शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
Continue With Google
Comments (0)