उमरिया कोतवाली पुलिस ने झपटमारी की घटनाओं में संलिप्त पति-पत्नी की जोड़ी को गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने बिजौरा गांव के पास से आरोपियों को पकड़ते हुए उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लाखों रुपये मूल्य का मसरूका बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मानपुर क्षेत्र के चचरिया निवासी ललन सिंह गोंड और उनकी पत्नी निशा रजक के रूप में हुई है। इन दोनों ने हाल ही में बिजौरा गांव में झपटमारी की घटना को अंजाम दिया था और एक व्यक्ति के आभूषण लेकर फरार हो गए थे।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस सक्रिय हुई और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान, पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया और बिजौरा गांव के नजदीक से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने झपटमारी की घटना में संलिप्तता स्वीकार की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारियों के बाद पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं। आरोपियों ने उमरिया जिले के इंदवार थाना क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं में भी अपनी भूमिका कबूल की है।

फिलहाल, दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब बरामद मसरूका और अन्य मामलों से जुड़े तथ्यों की गहन जांच में जुटी हुई है।