सिंगरौली में दर्दनाक हादसा: भरभराकर गिरा 50 साल पुराना मकान, तीन लोगों की मौत, पांच घायल

 

STATE NEWS AI पत्रकार सूरज कुमार सिहावल 

 

मलबे में दबकर मां, बेटे और दो साल की मासूम बच्ची ने तोड़ा दम; मुख्यमंत्री ने आर्थिक सहायता के दिए निर्देश

 

सिंगरौली। मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के बरहपान गांव के जलहथनी टोला में सोमवार रात एक हृदयविदारक हादसा हो गया। भोजन करने के बाद घर में सो रहे परिवार पर करीब 50 साल पुराना कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के वक्त घर में मौजूद परिवार के आठ सदस्य मलबे में दब गए।

 

इस दर्दनाक दुर्घटना में 36 वर्षीय अरुण विश्वकर्मा, उनकी 65 वर्षीय मां संतुलिया देवी और महज दो वर्षीय मासूम बेटी पुष्पा की मौत हो गई, जबकि परिवार के पांच अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

देर रात तक चला रेस्क्यू अभियान

 

हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और प्रशासनिक अमले ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर सभी दबे हुए लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल बैढ़न ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

 

घायल बेलामती के मुताबिक, मकान की एक दीवार पहले से ही फटी हुई थी और उसमें से आवाजें भी आ रही थीं। हालांकि, परिवार कुछ समझ पाता और संभलने का प्रयास करता, उससे पहले ही पूरा मकान अचानक ढह गया।

 

मुख्यमंत्री ने जताया शोक, आर्थिक सहायता के निर्देश

 

सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये तथा घायलों को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

 

एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।