*साइबर ठगी के विरुद्ध गुना पुलिस की लगातार कार्रवाई, 6 और पीड़ितों को वापस मिले 45,351 रुपए*
*गुना।* पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन में गुना पुलिस की साइबर सेल टीम ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के शिकार 6 और आवेदकों को कुल 45,351 रुपए वापस कराने में सफलता प्राप्त की है।
पीड़ितों द्वारा अपनी शिकायतें पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत की गई थीं, जिन्हें गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल टीम को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए गए। टीम ने शिकायतों की जांच कर ठगी की राशि जिन बैंक खातों में स्थानांतरित हुई थी, उनकी जानकारी जुटाई। इसके बाद NCRP पोर्टल की MRM प्रक्रिया के माध्यम से संबंधित बैंक खातों में राशि होल्ड कराई गई, जिससे ठगी की रकम को आगे अन्य खातों में स्थानांतरित होने से रोका जा सका।
साइबर सेल की सक्रियता, तकनीकी दक्षता एवं बैंकिंग संस्थानों के साथ प्रभावी समन्वय के परिणामस्वरूप निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 6 आवेदकों अशोक कुमार कोठारी, शुभम जैन, रामलखन धाकड़, मिंटूलाल मीणा, अभिषेक एवं बालमुकुंद चौरसिया के प्रकरणों में कुल 45,351 रुपए की धनराशि उनके बैंक खातों में वापस कराई गई है।
गुना पुलिस द्वारा साइबर अपराधों से संबंधित शिकायतों पर NCRP पोर्टल के माध्यम से तत्परता से कार्यवाही की जा रही है।
गुना पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर अपराधों के प्रति सतर्क एवं जागरूक रहें। किसी भी प्रकार की ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होने पर घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर *1930* पर शिकायत दर्ज कराएं तथा अपने संबंधित बैंक को भी तुरंत सूचित करें। साइबर ठगी के तुरंत बाद की गई शिकायत ठगी की राशि को होल्ड कराने एवं वापस दिलाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
इस कार्यवाही में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक जुबेर खान के नेतृत्व में आरक्षक कुलदीप यादव, आरक्षक कुलदीप भदौरिया, आरक्षक भूपेन्द्र खटीक, आरक्षक अभय रघुवंशी एवं महिला आरक्षक पूजा गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Continue With Google