अशोकनगर। गिविंग एंड शेयरिंग ट्रस्ट (जीएसटी) ग्रुप द्वारा पांचवीं बार सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का प्रथम चरण रविवार को अशोकनगर एवं मुंगावली में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस वर्ष प्रतियोगिता में कुल 800 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता में कक्षा 5वीं-6वीं एवं कक्षा 7वीं-8वीं के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग वर्ग बनाए गए हैं। प्रत्येक वर्ग में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी, जबकि अगले 50 स्थानों पर आने वाले प्रतिभागियों को शील्ड एवं मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा।

वहीं, कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगिता का अगला चरण 20 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण में शीर्ष 10 स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों के बीच केबीसी की तर्ज पर रोचक प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता होगी। इसमें प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को नगद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी, जबकि अगले 50 प्रतिभागियों को शील्ड एवं मेडल से सम्मानित किया जाएगा।

सभी प्रतिभागियों को मिलेगा प्रमाण-पत्र

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को जीएसटी ग्रुप की ओर से सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, जिससे बच्चों का उत्साहवर्धन किया जा सके।

आगामी 20 दिसंबर को होने वाले कार्यक्रम का आयोजन विवेकानंद स्कूल में किया जाएगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में रंजीत यादव उपस्थित रहेंगे।

शिक्षा के साथ सेवा का उद्देश्य

जीएसटी ग्रुप द्वारा सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के आयोजन से प्राप्त राशि का उपयोग सामाजिक सेवा कार्यों में किया जाता है। ग्रुप हर वर्ष इस राशि से किसी आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद बच्चे की स्कूल फीस जमा कराकर उसकी शिक्षा में सहयोग करता है। इस प्रकार प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों में ज्ञान एवं प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना ही नहीं, बल्कि शिक्षा के माध्यम से समाज सेवा करना भी है।

जीएसटी ग्रुप की इस पहल को विद्यार्थियों एवं अभिभावकों द्वारा सराहा जा रहा है।