अशोकनगर। पुलिस अधीक्षक अशोकनगर राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में नशामुक्त अशोकनगर अभियान के तहत जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं विक्रय के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतर सिंह कनेश के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा दबिश देकर अवैध शराब निर्माण के ठिकानों पर कार्रवाई की गई।

थाना पिपरई, चंदेरी, बहादुरपुर एवं ईसागढ़ पुलिस द्वारा विभिन्न ग्रामों में दबिश देकर कुल 3,300 लीटर शराब बनाने का लहान नष्ट किया गया तथा 65 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।

थाना पिपरई पुलिस द्वारा ग्राम मूंडरा भादरा एवं भरियाखेड़ी में कार्रवाई कर 1,200 लीटर लहान एवं शराब बनाने की सामग्री नष्ट की गई। थाना चंदेरी पुलिस द्वारा ग्राम किर्राया पहाड़ी में दबिश देकर 55 लीटर अवैध शराब जब्त तथा 1,000 लीटर लहान नष्ट किया गया। थाना बहादुरपुर पुलिस द्वारा ग्राम दंगलिया, दंगलिया चक एवं खाकलोन में कार्रवाई कर 10 लीटर अवैध शराब एवं 300 लीटर लहान नष्ट किया गया। वहीं थाना ईसागढ़ पुलिस द्वारा ग्राम नीमखेड़ा, कबीरपुर एवं परेवा में दबिश देकर 800 लीटर लहान नष्ट किया गया। अन्य थाना क्षेत्रों में भी अवैध शराब निर्माण के विरुद्ध दबिश एवं कार्रवाई की गई।

अवैध शराब निर्माण के विरुद्ध कार्रवाई के साथ पुलिस द्वारा स्वजन सहयोग अभियान के अंतर्गत ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया तथा नशे से दूर रहने एवं परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया गया। ग्रामीणों से अवैध शराब निर्माण, बिक्री एवं परिवहन की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की गई।

अशोकनगर पुलिस द्वारा अवैध शराब निर्माण के नेटवर्क की विस्तृत जांच की जा रही है। अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त कच्चे माल की आपूर्ति, परिवहन में उपयोग किए जाने वाले वाहनों एवं कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच में सामने आने वाले आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने परिवार एवं परिचितों को नशे तथा अवैध शराब के कारोबार से दूर रहने के लिए प्रेरित करें और समाज को नशामुक्त बनाने में पुलिस का सहयोग करें। जिले में कहीं भी अवैध शराब निर्माण, बिक्री अथवा परिवहन की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। अवैध शराब के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा।