70 साल पुराना स्कूल जर्जर, हर पल मंडरा रहा हादसे का खतरा

उखड़ी छत, दरकी दीवारें और चारों ओर झाड़ियां पुनर्निर्माण की मांग तेज

बरगी (जबलपुर)। बरगी क्षेत्र का शासकीय विद्यालय अपनी बदहाल स्थिति के कारण गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है। लगभग 70 वर्ष पुराने इस विद्यालय की छत पूरी तरह जर्जर हो चुकी है, दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं और कई स्थानों पर प्लास्टर उखड़ चुका है। बारिश के दौरान भवन में पानी टपकता है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है।
जानकारी के अनुसार वर्ष 1956 में स्थापित यह विद्यालय वर्षों से क्षेत्र के विद्यार्थियों को शिक्षा दे रहा है, लेकिन आज इसकी स्थिति बेहद दयनीय हो चुकी है। विद्यालय भवन की छत कमजोर होने के कारण बारिश के दिनों में पानी सीधे कमरों में भर जाता है, जिससे फर्नीचर और शैक्षणिक सामग्री भी खराब हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय परिसर के आसपास घनी झाड़ियां उग आई हैं, जो जहरीले सांप, बिच्छू और अन्य विषैले जीवों का सुरक्षित ठिकाना बन चुकी हैं। कई बार इन जीवों को विद्यालय परिसर और रास्तों पर देखा जा चुका है, जिससे विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
विद्यालय की जर्जर स्थिति को देखते हुए सरपंच मंजू चौकसे सहित ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने शासन-प्रशासन से विद्यालय के पुनर्निर्माण की मांग की है। उनका कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द नए भवन का निर्माण कराया जाए। जब तक नया भवन तैयार नहीं होता, तब तक विद्यार्थियों की कक्षाएं किसी सुरक्षित वैकल्पिक भवन में संचालित की जाएं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई तथा भवन की तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग भी उठाई है.