हाथ में संविधान और तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे छात्र, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
मुलताई । नीट पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन लगातार तेज होता जा रहा है, इसी क्रम में छात्रों ने हाथ में भारतीय संविधान और देश की आन, बान और शान तिरंगा लेकर शहर में रैली निकाली।
यह रैली बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर चौक से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए तहसील कार्यालय पहुंची।
रैली के दौरान छात्रों ने नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से लाखों मेहनती छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है, इसलिए सरकार को इस मामले में सख्त कदम उठाने चाहिए।
तहसील कार्यालय पहुंचकर छात्रों ने महामहिम राष्ट्रपति महोदय के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। ज्ञापन में नीट परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने, दोषियों को कठोर सजा देने तथा छात्रों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।
इस दौरान छात्रों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर दिल्ली पुलिस द्वारा किए गए कथित लाठीचार्ज का भी विरोध जताया। छात्रों ने कहा कि अपनी मांगों को शांतिपूर्ण ढंग से रखने वाले विद्यार्थियों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल रहे। पूरे प्रदर्शन के दौरान छात्र हाथों में संविधान और तिरंगा लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करते नजर आए।
Continue With Google
Comments (0)