आमला। भीषण गर्मी के बीच विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम अंबाडा पंखा में जल संकट विकराल रूप ले चुका है। गांव के लोग पीने के पानी के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। कई मोहल्लों में नलों ने जवाब दे दिया है, तो वहीं कुओं का पानी भी दूषित और गंदा हो चुका है। हालात इतने खराब हैं कि महिलाओं और बच्चों को कई किलोमीटर दूर जाकर पानी लाना पड़ रहा है।

गांव में बढ़ती पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने वार्ड क्रमांक 9 की पार्षद एवं युवक कांग्रेस बैतूल की जिला महासचिव कुमारी खुशबू विजय अतुलकर से संपर्क कर अपनी पीड़ा बताई। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में पेयजल की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं है और प्रशासन की ओर से भी अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

ज्ञापन देने के बाद भी नहीं जागा प्रशासन

ग्रामीणों के अनुसार पानी की समस्या को लेकर पहले भी आमला तहसील एसडीएम कार्यालय एवं जनसुनवाई में कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपा जा चुका है। इसके बावजूद आज तक गांव में पानी की समुचित व्यवस्था नहीं हो सकी। ग्रामीणों का आरोप है कि शासन-प्रशासन केवल आश्वासन दे रहा है, लेकिन धरातल पर हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।

गांव में पेयजल संकट के कारण लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। कई परिवारों के सामने पीने के पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। दूषित पानी के कारण बीमारियों का खतरा भी मंडराने लगा है।

“अनुमति मिले तो निजी खर्च से भिजवाऊंगी पानी के टैंकर”

युवक कांग्रेस जिला महासचिव कुमारी खुशबू विजय अतुलकर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर शासन-प्रशासन से मांग की है कि ग्राम अंबाडा पंखा में तत्काल टैंकरों के माध्यम से नियमित जल आपूर्ति शुरू कराई जाए।

उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ग्रामीणों को पानी उपलब्ध कराने में असमर्थ है, तो उन्हें अपने निजी व्यय पर गांव में पानी के टैंकर भिजवाने की अनुमति दी जाए।

खुशबू अतुलकर ने कहा —

“अंबाडा के लोग पानी की बूंद-बूंद के लिए परेशान हैं। ऐसे समय में जनप्रतिनिधियों का कर्तव्य है कि वे लोगों की मदद के लिए आगे आएं। यदि प्रशासन अनुमति देता है तो मैं निजी खर्च से गांव में पानी के टैंकर भिजवाकर ग्रामीणों की प्यास बुझाने का कार्य करूंगी।”

उन्होंने आगे कहा कि जल संकट जैसी गंभीर समस्या में प्रशासन को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए और तत्काल राहत पहुंचानी चाहिए। ग्रामीणों की मूलभूत जरूरतों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती।

ग्रामीणों ने की जल्द राहत की मांग

अंबाडा पंखा के ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि गांव में जल्द से जल्द पानी की स्थायी व्यवस्था की जाए तथा तब तक टैंकरों के माध्यम से नियमित पेयजल उपलब्ध कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।