आमला। ईद पर्व के अवसर पर मुस्लिम समुदाय को शुभकामनाएं नहीं देने को लेकर आमला विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे के खिलाफ नाराजगी देखने को मिल रही है। मुस्लिम समाज के लोगों का कहना है कि विधायक क्षेत्र में मौजूद रहने के बावजूद उन्होंने ना तो ईद की बधाई दी और ना ही समुदाय के लोगों से मुलाकात की।
समाज के लोगों का आरोप है कि पिछली ईद पर भी विधायक द्वारा कोई शुभकामना संदेश जारी नहीं किया गया था, जबकि क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि लगातार सभी समाजों के त्योहारों में शामिल होते रहे हैं। इस बार भी विधायक की चुप्पी को लेकर मुस्लिम समुदाय में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
मुस्लिम समाज के लोगों का कहना है कि भाजपा “सबका साथ, सबका विकास” का नारा देती है, लेकिन आमला विधायक का रवैया समुदाय को उपेक्षित महसूस करा रहा है। लोगों ने सवाल उठाया कि क्या मुस्लिम समाज ने विधायक को वोट नहीं दिया था, जो उनके प्रमुख त्योहार पर भी उन्हें नजरअंदाज किया गया।
समुदाय के कुछ लोगों ने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधि को सभी धर्म और समाज के पर्वों में समान भागीदारी निभानी चाहिए। विधायक के इस रवैये से उनकी छवि पर असर पड़ सकता है और उन्हें “एंटी मुस्लिम” के रूप में देखा जाने लगा है।
हालांकि इस मामले में विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।