आमला। रेलवे कॉलोनी स्थित गुरु वाल्मीकि खेल मैदान में आमला प्रीमियर लीग समिति के बैनर तले आयोजित पांचवीं ऑक्शन आधारित जिला स्तरीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में जिले और तहसील स्तर के खिलाड़ियों को मंच प्रदान कर उनके खेल कौशल को निखारने का उद्देश्य रखा गया था।
जानकारी के अनुसार प्रतियोगिता में 14 ऑनर्स द्वारा अपनी-अपनी टीमों को प्रवेश दिलाया गया था, जिसमें बैतूल जिले सहित आसपास के विभिन्न ग्रामीण अंचलों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए नवाब बॉयज आमला ने एक बार फिर अपनी बादशाहत साबित की और आमला की नंबर वन टीम बनने का गौरव हासिल किया। वहीं S V प्लेस आमला की टीम उपविजेता रही।
मंगलवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में नवाब बॉयज आमला ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी S V प्लेस आमला की टीम निर्धारित 8 ओवरों में 66 रन ही बना सकी। जवाब में नवाब बॉयज ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 6.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल मुकाबले में असीम की घातक गेंदबाजी के सामने S V प्लेस के बल्लेबाज टिक नहीं सके। असीम ने 2 ओवर में 20 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं मनोज ढाईकर (एम.डी.) ने पूरे टूर्नामेंट में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में शानदार प्रदर्शन किया, जिसके चलते उन्हें मैन ऑफ द सीरीज के खिताब से सम्मानित किया गया।
फाइनल मुकाबले के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे ने विजेता टीम नवाब बॉयज को 1 लाख रुपये नगद एवं ट्रॉफी प्रदान की। वहीं उपविजेता टीम को 51 हजार रुपये नगद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
आयोजन समिति में सनी भम्बरकर, शेख आबिद, अमित यादव, शिवम बचले और विक्की कारोदे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं आयोजन के प्रमुख सूत्रधार चंदन सिंह मानू, सुनील यादव, सतीश मीणा, गोल्डी ठाकुर, शरद भलावी, विकेश उइके, विजय पाटिल और अविनाश झारबड़े ने विजेता टीम को बधाई दी।

Continue With Google
Comments (0)