आमला। मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायत एवं नगरीय निकायों की फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत आमला नगरीय क्षेत्र सहित आमला की सभी 68 ग्राम पंचायतों में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

श्री शैलेन्द्र बड़ौनियों, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं रजिस्ट्रीकरण अधिकारी आमला के निर्देशानुसार जनपद पंचायत सभाकक्ष आमला में 15 मई 2026 से 25 मई 2026 तक दावा-आपत्ति केंद्रों पर कार्य संपादित किया जाएगा। इस संबंध में निर्वाचन शाखा प्रभारी श्री दिलीप सोनपुरे (सहायक राजस्व निरीक्षक) तथा श्री गौरव जैन एवं श्री रविश पवार द्वारा नियुक्त प्राधिकृत कर्मचारियों को आवश्यक निर्वाचन सामग्री वितरित की गई।

कर्मचारियों को प्रारूप मतदाता सूची, विधानसभा स्तरीय मतदाता सूची, फार्म ER-1, ER-2, ER-3, उनकी पावती, दैनिक रिपोर्ट की प्रतियां, प्रारूप प्रकाशन हेतु प्रपत्र-6 सहित परिशिष्ट-3 एवं 14 उपलब्ध कराए गए। साथ ही निर्वाचन कार्य को सुचारु रूप से संपादित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार ऐसे नागरिक जिनकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है अथवा जो अन्य स्थान से स्थानांतरित होकर संबंधित क्षेत्र में निवासरत हैं, वे नगरपालिका एवं पंचायत स्तरीय मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए 15 मई 2026 से 25 मई 2026 अपराह्न 3 बजे तक संबंधित क्षेत्र के नियुक्त प्राधिकृत अधिकारी के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।