सारणी। बैतूल जिले के सारणी थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलोण्ड घाट में राहगीरों से लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए तीन मोबाइल फोन, वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल तथा एक चाकू जब्त किया है। बरामद सामग्री की कुल कीमत करीब 4 लाख 50 हजार 300 रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार फरियादी फरहान अंसारी (26) निवासी वार्ड क्रमांक-19 गांधी नगर, पाथाखेड़ा ने थाना सारणी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 जून की रात वह अपने मित्र सागर नागले एवं प्रेम गुजरे के साथ मुलताई से शादी समारोह में शामिल होकर मोटरसाइकिल से वापस लौट रहा था। रात के समय बेलोण्ड घाट पहुंचने पर दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने तीनों के साथ मारपीट की और जबरन 4,800 रुपये नकद तथा तीन मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर तत्काल विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे एवं एसडीओपी सारणी प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में थाना सारणी पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना एवं अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 26 जून को पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रविन्द्र उर्फ भोला, अमन कवड़े, आकाश सलाम, राहुल उइके तथा विजेंद्र उर्फ विक्की के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात स्वीकार की, जिसके बाद पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए तीन मोबाइल फोन, वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल और एक चाकू बरामद किया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। इस पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, उप निरीक्षक सुनील गौर, सहायक उप निरीक्षक अनिल मौर्य, प्रधान आरक्षक किशनलाल सेलू तथा आरक्षक मोहित भाटी, मोनू उइके, सुभाष मंडलोई एवं रविमोहन दर्शमा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
*बेलोण्ड घाट लूटकांड का 72 घंटे में खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार*
*राहगीरों से मारपीट कर नकदी व मोबाइल लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो बाइक, तीन मोबाइल और चाकू बरामद*
Continue With Google
Comments (0)